अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी के नेतृत्व में अयोध्या के लिए रवाना हुई कलश यात्रा

0
38

पीयूष वालिया

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी के नेतृत्व में अयोध्या के लिए रवाना हुई कलश यात्रा

हरिद्वार, 16 जनवरी। अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के नेतृत्व में श्री राम जन्मभूमि अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के लिए लेकर गंगा जल कलश यात्रा मंगलवार को पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी स्थित चरण पादुका मंदिर से अयोध्या के लिए रवाना हुई। इससे पहले स्वरांजलि कार्यक्रम में भगवान राम के भजन प्रस्तुत किए गए। कलश यात्रा 19 जनवरी को अयोध्या पहुंचेगी। यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भव्य रूप से स्वागत किया गया। कलश यात्रा चरण पादुका मंदिर से तुलसी चैक, शिवमूर्ति चैक, वाल्मीकि चैक, चंडी चैक होते हुए मुरादाबाद के लिए रवाना हुई। यात्रा बरेली होते हुए 19 जनवरी को अयोध्या पहुंचेगी। इस अवसर पर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि भगवान श्री राम जन जन के आराध्य हैं। कई सौ साल की कड़ी मेहनत के बाद राम जन्मभूमि अयोध्या में भव्य और दिव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ है। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। उन्होंने बताया कि हरकी पैड़ी, यमुनोत्री, गंगोत्री और सरयू के बागेश्वर धाम से लाए गए गंगाजल को कलश यात्रा के रूप में अयोध्या लेकर जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पवित्र गंगा जल से भगवान श्रीराम को स्नान कराया जाएगा। महामंडलेश्वर ललितानंद गिरि महाराज ने कहा कि अयोध्या में भगवान श्रीराम के दिव्य और भव्य मंदिर के निर्माण के लिए संत समाज ने बड़ा आंदोलन चलाया। समय-समय पर पुरजोर तरीके से इसकी मांग उठाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों के चलते श्रीराम मंदिर का निर्माण हो पाया है। महंत दर्शन भारती महाराज ने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था का सबसे बड़ा प्रतीक बन गया है। प्रभु श्रीराम के मंदिर के लिए संत समाज और कार सेवकों के बलिदानोें के पश्चात 500 वर्षों बाद मंदिर का निर्माण संभव हो सका और प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है। इस दौरान स्वामी नागेंद्र महाराज, अमेरिका से आए स्वामी विपनानंद महाराज, महंत दर्शन भारती, भारत माता मंदिर के महंत महामंडलेश्वर ललितानंद गिरि, महंत रविपुरी, दिगंबर राजगिरी, दिगंबर रघुवन, एसडीएम अजय वीर सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट रविंद्र जुवांठा, शहर कोतवाल भावना केंथोला, एसएमजेएन कॉलेज प्रबंध समिति के सदस्य आरके शर्मा, प्राचार्य डा.सुनील कुमार बत्रा, भोला शर्मा, मनोज मंत्री, प्रतीक सूरी, सुंदर राठौर, टीना टुटेजा आदि मौजूद रहे। शिवमूर्ति चैक पर गरीबदासीय आश्रम के महंत रविदेव शास्त्री और पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के कोठारी महंत राघवेंद्र दास के नेतृत्व में साधु संतों ने कलश यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here